
मंडी। मतगणना केंद्र राजकीय वल्लभ कालेज मंडी। समय सुबह 8.30 बजे। कालेज के मुख्य प्रवेश द्वार के अलावा अन्य तरफ से जाने वाले रास्तों पर पुलिस का कड़ा पहरा। पड्डल ग्राउंड में चुनाव नतीजे जानने के लिए कांग्रेस और भाजपा के कुछ कार्यकर्ता मौजूद। मतगणना केंद्र के बाहर कार्यकर्ताओं में कोई खास जोश नहीं दिखा।
मंडी वल्लभ कालेज में जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गणना हुई। जिसमें सदर मंडी, द्रंग, जोगिंद्रनगर, बल्ह और सराज शामिल रहे। राउंड के हिसाब से विधानसभा क्षेत्रों से आ रहे नतीजों के मुताबिक कार्यकर्ताओं के चेहरों के हाव भाव बदलते गए। हर तरफ प्रतिभा सिंह को भारी मतों की लीड मिलने से कार्यकर्ता काफी उत्साहित दिखे। समय 10.30 बजे सराज विधानसभा क्षेत्र के सातवें राउंड तक भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर ने बढ़त बना रखी थी। जबकि अन्य विधानसभा क्षेत्रों से काफी पिछड़ने के कारण मतगणना केंद्र के बाहर भाजपा कार्यकर्ता नजर नहीं आए।
पूरे संसदीय क्षेत्र से काफी बढ़त मिलने से कार्यकर्ताओं ने मंडी शहर में दस बजे के बाद आतिशबाजी शुरू कर दी थी। मतगणना केंद्र के बाहर सुरक्षा का कड़ा पहरा होने से बिना अनुमति के किसी भी व्यक्ति को कालेज परिसर में जाने पर रोक लगाई गई थी। कार्यकर्ता मोबाइल फोन पर दूसरे क्षेत्रों से जानकारी लेते रहे। समय 11.30 बजे सर्किट हाउस में प्रतिभा सिंह को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। कई मंत्री और नेता बधाई देने के लिए पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने प्रतिभा को मिठाई खिलाकर बधाई दी। पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा, आबकारी मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर, विधायक रवि ठाकुर, व्यापार मंडल के महासचिव राजेश महिंद्रू, एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अतुल शर्मा आदि मौजूद रहे।
