बल्ह में कांग्रेसियों ने छोड़े पटाखे

नेरचौक (मंडी)। कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह की जीत से बल्ह में कांग्रेसियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बल्ह हलके से कांग्रेस प्रत्याशी को 11776 मतों की बढ़त मिलने पर कार्यकर्ताआें ने पटाखे छोड़कर जश्न मनाया। 2009 में मुख्यमंत्री वीरभद्र के लोकसभा प्रत्याशी रहते हुए बल्ह विस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी को 930 वोटों की लीड मिली थी। इस बार बल्ह की जनता ने कांग्रेस के पक्ष में रिकॉर्ड वोटिंग की है।
आबकारी मंत्री प्रकाश चौधरी की अगुवाई में बल्ह कांग्रेस ने पार्टी प्रत्याशी को बढ़त दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस बीच बल्ह से भाजपा के प्रत्याशी इंद्र सिंह गांधी भी अपने गृह वार्ड से भाजपा को बढ़त दिलाने में नाकाम हुए हैं। उनके गृह वार्ड कुम्मी से 758 वोटों की बढ़त कांग्रेस को मिली है। वहीं, भाजपा बल्ह मंडलाध्यक्ष संजय रावत भी मंडल से भाजपा को बढ़त नहीं दिला सके। इधर, नेरचौक व्यापार मंडल अध्यक्ष अमृत पाल सिंह, राजेंद्र गुप्ता, तारीक अनवर, नरेंद्र शर्मा, कपिल सेन, रजनीश सोनी, महाजन सभा अध्यक्ष अभिलाष गुप्ता, धर्म सिंह ठाकुर, महेंद्र गुप्ता, मुनीष गुप्ता आदि कांग्रेसी पदाधिकारियाें तथा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रत्याशी को रिकॉर्ड मतों से मिली जीत का श्रेय मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह तथा बल्ह में मिली रिकॉर्ड लीड का श्रेय प्रकाश चौधरी को दिया है।

Related posts