
स्वारघाट (बिलासपुर)। स्वारघाट क्षेत्र में तूफान से भारी नुकसान हुआ है। हालांकि इस तूफान से किसी प्रकार का भी जानी नुकसान नहीं हुआ है लेकिन तूफान में कहीं पर बिजली के खंभे उखड़ गए तो कहीं पर बिजली तारें टूटी। इस कारण स्वारघाट क्षेत्र के कई गांवों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। वहीं, तूफान के कारण वाहन चालकों खासकर दो पहिया वाहन चालकों को समस्या का सामना करना पड़ा।
विकास खंड स्वारघाट के अंतर्गत कुटैहला पंचायत में तूफान के चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। गर्मी के मौसम में प्रयोग किए जाने विद्युत उपकरण केवल शोपीस बन गए। बिजली न होने के कारण इनका कोई भी प्रयोग नहीं हो पाया। तूफान के कारण पंचायत के कुलाह गांव में बिजली के दो खंभे उखड़ गए। मतनोह गांव में एक बिजली का पोल तथा पंगा गांव में तूफान के कारण बिजली की तारें आपस में जुड़ने के कारण टूट गई। वहीं इसके अलावा डडराणा गांव में भी यही सिलसिला दिखाई दिया। यहां पर भी बिजली की तारें आपस में जुड़ गई जिस कारण इस गांव को बिजली सप्लाई करने वाले ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी उत्पन्न हो गई।
स्थानीय लोगों में जोगिंद्र सिंह, चंद्रशेखर, धर्मपाल, बक्तावर सिंह, सोढी राम, रमेश चंद, दलेल सिंह, रूपलाल सहित अन्य ने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण उन्हें समस्या का सामना करना पड़ा।
उधर, इस बारे में विद्युत बोर्ड स्वारघाट वृत्त के कनिष्ठ अभियंता रविंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि तूफान के कारण विद्युत आपूर्ति में समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि कुछ एक स्थानों पर विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी गई है। शेष जगह पर भी विद्युत सप्लाई जल्द ही सुचारु कर दी जाएगी।
