नए भवन में शिफ्ट नहीं हुआ सिविल अस्पताल

तीसा (चंबा)। उपमंडल तीसा में सिविल अस्पताल नए भवन में शिफ्ट नहीं हो पाया है। मई 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने नए अस्पताल भवन का उद्घाटन भी कर दिया था। इसके बावजूद आज तक इस अस्पताल को नए भवन में शिफ्ट नहीं किया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मौजूदा समय में जिस जगह अस्पताल चल रहा है, वहां पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। पुराने भवन में शौचालय की हालत काफ ी दयनीय बनी हुई है। सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। इस कारण मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार की ओर लगभग एक करोड़ रुपए की राशि खर्च कर अस्पताल का नया भवन बना दिया है, लेकिन निर्माण के एक साल बाद भी अस्पताल को नए भवन में शिफ्ट नहीं किया गया है। इसके चलते 47 पंचायतों के लोगों को उचित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। स्थानीय निवासी हेम राज, होशियार सिंह, देव राज, रूप सिंह, जर्म सिंह, निहाल सिंह, प्रेम सिंह और विपन ने स्वास्थ्य विभाग व प्रदेश सरकार से मांग की है कि सिविल अस्पताल को नए भवन में शिफ्ट किया जाए। इस संदर्भ में बीएमओ डा. कपिल वर्मा ने बताया कि नए भवन में पानी की व्यवस्था नहीं हो पाई है। इस कारण भवन को शिफ्ट नहीं किया गया है। उधर, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता सुरेश कुमार ने बताया कि अस्पताल के लिए पानी की सर्प्लाई दे दी गई है। इस बारे स्थानीय विधायक हंस राज ने बताया कि अस्पताल को नए भवन में शिफ्ट करने का मुद्दा विधानसभा में भी रखा गया था। सीएमओ चंबा व बीएमओ क ो भी बताया गया है। दो माह के भीतर अस्पताल को नए भवन में शिफ्ट करवा दिया जाएगा।

Related posts