धर्मशाला में ‘अन्ना’ तैयार

धर्मशाला। धर्मशाला में सेब की किस्म ‘अन्ना’ पककर तैयार हो गई है। शीला चौक से नजदीक लगाए गए दो हजार पौधों के इस बगीचे में इस मर्तबा बेहतरीन पैदावार देखने को मिल रही है। बागवानी विभाग के अनुमान के अनुसार दो हजार पौधों पर 75 से 80 क्विंटल तक की पैदावार के आसार हैं।
बागवानी विभाग के सहयोग से मान सिंह कंपनी ने 2009 में इस बगीचे में सेब के दो हजार से ज्यादा पौधे लगाए। वर्तमान में दो हजार के करीब पौधे फल देने लगे हैं। गत वर्ष बगीचे से करीब दो क्विंटल की ही पैदावार हुई थी। लेकिन इस मर्तबा पौधों के चार साल के हो जाने के बाद अस्सी क्विंटल के करीब सेब की पैदावार के आसार हैं। धर्मशाला में सेब की इतनी पैदावार पहली मर्तबा हो रही है। वहीं इस कामयाबी से धर्मशाला व आसपास के इलाकों में सेब की बागवानी के बेहतर विकल्प तलाशे जा सकते हैं। वहीं बागवानी विशेषज्ञों की मानें तो सेब की बेहतरीन किस्मों में से एक ‘अन्ना’ किस्म की देश-विदेश के सभी बाजारों में अधिक मांग है। वहीं अन्य किस्मों की तुलना में जल्द तैयार होने वाली यह किस्म जल्द ही बाजार में उतरने वाली है। समय से पहले सेब की फसल तैयार हो जाने से धर्मशाला के सेब की बाजार में अधिक मांग रहने का आसार हैं।

क्या कहते हैं अधिकारी
बागवानी विभाग विषय विशेषज्ञ डा. नेगी का कहना है कि बगीचे में पिछली मर्तबा की तुलना में बेहतरीन फसल रही है। इसका कारण पौधों की उम्र बढ़ना तथा बागवानी विभाग तथा बागवानों द्वारा समय-समय पर बेहतर देखभाल करना है। वहीं बागवानी विभाग के धर्मशाला स्थित उपनिदेशक डा. डीएस राणा का कहना है कि विभाग के अनुमान के अनुसार दो हजार पौधों से अस्सी क्विंटल तक पैदावार के आसार हैं।

Related posts