बारिश ने बहाए देहरा में साढ़े 5 करोड़

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। बारिश से लोनिवि और बिजली बोर्ड को करोड़ों रुपये का चूना लगा है। हालांकि अभी बरसात शुरू होनी है। अभी तक हुई बारिश से लोनिवि और बिजली बोर्ड को करोड़ों रुपए का नुकसान हो चुका है। आने वाले दिनों में ओर नुकसान होने की संभावना है।
सड़कों में पैच वर्क पूरा न होने के कारण बड़े-बड़े गड्ढे पड़ने शुरू हो गए हैं। पैच वर्क रुकने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार अभी तक हुई बारिश में लोनिवि मंडल देहरा को 5 करोड़ का नुकसान हो चुका है। लोनिवि को यह नुकसान डंगों के ढहने, पुलियों के टूटने और सड़क के बहने से हुआ है। वहीं, सरकार की ओर से राशि नाममात्र ही मिली है। इसी तरह बिजली बोर्ड मंडल देहरा को करीब 10 से 15 लाख का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है। भारी बारिश से बिजली बोर्ड मंडल देहरा के 3 ट्रांसफार्मर पूरी तरफ खराब हो चुके हैं, एलटी लाइन के 6 खंभे और एचटी लाइन के 4 खंभे टूट चुके हैं। इसी तरह आईपीएच विभाग को भी लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। विभाग नुकसान की रिपोर्ट अभी तैयार करने में जुटा हुआ है।
लोनिवि के एक्सईएन आरके मिन्हास का कहना है कि लोनिवि मंडल देहरा के तहत 5 करोड़ का नुकसान हुआ है। बिजली बोर्ड के एक्सईएन प्रवीण धीमान का कहना है कि विभाग को 15 लाख का नुकसान हुआ है।

Related posts