
कुल्लू। जनता ने अपना काम कर दिया है अब मेरा कर्तव्य है कि मैं उनकी सेवा करूं। यह बात मंडी लोक सभा उपचुनाव जीतने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कही। कुल्लू के प्रदर्शनी मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि वे तन मन धन से मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता की सेवा करेंगी और हर समय जनता की समस्याओं को हल करने के लिए प्रयासरत रहेंगी। वीरभद्र सिंह को 1983 में इंदिरा गांधी ने प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी दी, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे भी वे अच्छी तरह से निभाने का प्रयास करेंगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल देव भूमि है और हमें गर्व होना चाहिए। प्रतिभा सिंह ने कहा कि 17 विस क्षेत्रों ने मेरा नाम भेजा था, जिस पर सोनिया गांधी ने मुहर लगाई थी। इस दौरान बंजार के विधायक कर्ण सिंह और लाहौल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने भी प्रतिभा सिंह की जीत को ऐतिहासिक बताया। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष हरिचंद शर्मा, पीसीसी सदस्य सुंदर ठाकुर, कुल्लू ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम शर्मा, मनाली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड और मंच संचालक चुनेश्वर ठाकुर भी मौजूद थे।
महेश्वर सिंह ने भी किया स्वागत
कुल्लू। प्रतिभा सिंह का कुल्लू पहुंचने पर हिलोपा प्रमुख और विधायक महेश्वर सिंह ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। महेश्वर सिंह ने अपने समर्थकों के साथ सर्किट हाउस कुल्लू के समीप प्रतिभा सिंह का स्वागत किया।
