शिवालिक पब्लिक स्कूल ओवरआल चैंपियन

रोहडू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मसली में आयोजित छौहारा खंड की अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। समापन समारोह में युवा कांग्रेस रोहडू के अध्यक्ष विजय चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होकर विजेता तथा उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में 44 स्कूलों के करीब 550 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
वॉलीबाल प्रतियोगिता में वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल जांगला विजेता तथा पब्बर पब्लिक स्कूल उपविजेता रहा। कबड्डी प्रतियोगिता में घ्रुव पब्लिक स्कूल धमवाड़ी विजेता, जबकि शिवालिक पब्लिक स्कूल चिड़गांव उपविजेता रहा। खो-खो प्रतियोगिता में उच्च स्कूल तांगणू प्रथम तथा वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पेखा दूसरे स्थान पर रहा। बैडमिंटन प्रतियोगिता में शिवालिक पब्लिक स्कूल चिड़गांव पहले तथा उच्च स्कूल खरोट दूसरे स्थान पर रहा। एथलेटिक्स प्रतियोगिता में माध्यमिक स्कूल झटवाड़ी ने पहला तथा उच्च स्कूल खरोट ने दूसरा स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में शिवालिक पब्लिक स्कूल चिड़गांव के जीनस भावटा ने प्रथम स्थान हासिल किया। शिवालिक पब्लिक स्कूल को ओवरआल चैंपियन घोषित किया गया। मुख्य अतिथि युकां अध्यक्ष विजय चौहान ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने दस हजार रुपये की राशि स्कूल के विकास कार्यों के लिए दी। इस अवसर पर स्कूल प्रधानाचार्य सुभाष किमटा, युकां उपाध्यक्ष राकेश नेगी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related posts