रामपुर में फिर चला वीरभद्र का जादू

रामपुर बुशहर। यहां विधानसभा के बाद अब उपचुनाव में भी वीरभद्र सिंह का जादू चल गया। वोटरों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के प्रति आस्था जताते हुए कांग्रेस प्रत्याशी एवं उनकी पत्नी प्रतिभा को यहां से रिकार्ड 24099 मतों की लीड दी। वहीं, भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर केवल 6439 मत ही ले पाए।
भाजपा के सत्ता में रहने के बाद 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में अनुमान लगाया जा रहा था कि निर्वाचन क्षेत्र रामपुर में भाजपा जीतेगी, लेकिन आखिरी वक्त में वीरभद्र सिंह ने रामपुर और ननखड़ी क्षेत्र के दौरे कर भाजपा की मेहनत पर पानी फेर दिया और चुनाव में कांग्रेस को करीब नौ हजार मतों की लीड मिली। अब बारी मंडी उपचुनाव की आई। भाजपा ने गांव-गांव कहना शुरू किया कि कांग्रेस ने छह माह में रामपुर के लिए कुछ नहीं किया। ऐसा प्रचार करके भाजपा की रामपुर में कांग्रेस के वोट बैंक में सेंध लगाने की तैयारी थी लेकिन वोटिंग से कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रामपुर और ननखड़ी का दौरा करके फिर भाजपा की मेहनत पर पानी फेर दिया। मुख्यमंत्री की सभाओं में लोगों की भारी भीड़ जुटी और उन्होंने कांग्रेस को समर्थन देने का जो वायदा किया, वह प्रतिभा सिंह को मिली अधिक मतों की लीड के रूप में दिख रहा है। यह वीरभद्र के ही प्रयास रहे कि भाजपा प्रत्याशी 6439 मतों पर ही सिमट गए। इसी तरह चुनावी दंगल में खड़े लवण कुमार को यहां से 511 और सुभाष मोहन स्नेही को 468 वोट मिले।

Related posts