
सांगला (किन्नौर)। कड़छम-सांगला सड़क को बहाल करने में कम से कम एक माह का वक्त लग सकता है। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने से सड़क बहाली का कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
कड़छम-सांगला सड़क पर रूतरंग के पास पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे हैं। यहां पर करीब 600 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त है। लोनिवि और जयप्रकाश कंपनी सड़क को बहाल करने में जुटी है। रूतरंग में करीब तीन सौ मीटर सड़क को बहाल कर लिया गया था, लेकिन भूस्खलन होने से सड़क दोबारा बंद हो गई। पत्थर गिरने के कारण काम प्रभावित होने से सड़क को बहाल करने में लगातार देरी हो रही है। सड़क कब बहाल होगी, यह कोई पता नहीं लेकिन अगर ऐसे ही पत्थर गिरते रहे तो इसको बहाल करने में कम से कम एक महीना लग जाएगा। लोनिवि एसडीओ सुरेश शर्मा ने माना कि पत्थर गिरने से काम प्रभावित हो रहा है। इसको देखते हुए विभाग सामान ढोने के लिए दो स्पैन लगवा रहा है। वहीं, सापनी सड़क से सांगला के लिए वैली ब्रिज लगाने की योजना है। इधर, लोनिवि ने छितकुल से कुपा तक सड़क को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया है। लोनिवि के एसडीओ सांगला रोहित गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चांसू लिंक सड़क को खोलने के प्रयास जारी हैं
