
चंपावत। पाटी विकासखंड के मारागांव में बीते दिनों आई अतिवृष्टि के कारण कई नाली कृषि योग्य भूमि भूकटाव की भेंट चढ़ गई है, जबकि कई आवासीय मकानों को भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। प्रभावित ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के समक्ष राहत की गुहार लगाई है। ग्रामीणों की ओर से तहसील और जिला मुख्यालय में बने आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना देने के साथ ही राजस्व पुलिस को भी क्षति की जानकारी दी गई है।
भारी बरसात के कारण मारागांव निवासी राजेंद्र सिंह माहरा, मनमोहन माहरा, गोविंद सिंह माहरा, डिगराज सिंह माहरा, कुंदन सिंह माहर, प्रहलाद सिंह, दीवान सिंह, दान सिंह, रुद्र सिंह माहरा और चंदन सिंह माहरा आदि की उपजाऊ कृषि योग्य जमीन भूकटाव की भेंट चढ़ गई है। प्रभावितों का कहना है कि जमीन के भूकटाव के साथ ही आवासीय मकानों को भी आंशिक रूप से क्षति पहुंची है। पीड़ितों की ओर से जिला प्रशासन और राज्य सरकार से तत्काल राहत दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है। दूसरी ओर राजस्व विभाग के अधिकारियों का कहना है कि विभागीय आंकलन के बाद ही राहत मुहैया कराई जाएगी।
