यूपी में मोदी की इंट्री गाजियाबाद से

गाजियाबाद। शहर में आयोजित भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक ने यूपी में नरेंद्र भाई मोदी की प्रभावशाली इंट्री की बुनियाद रख दी। पूरी बैठक में मोदी का जादू छाया रहा। दिल्ली से महज 20 किलोमीटर की दूरी पर बैठक आयोजित करने के मायने मोर्चे की राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज पांडेय के बयान से स्पष्ट थे, कि केंद्र की सत्ता का रास्ता यूपी से जाता है। पार्टी के कई दिग्गजों का मानना है कि मोदी के इसी रास्ते को साफ करने के लिए बैठक का स्थान गाजियाबाद चुना गया।

मोदी-राजनाथ पर जोरदार तालियां
लोकसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में मोदी का नाम आते ही महिलाओं ने जमकर तालियां बजाईं। आयोजन स्थल पर जगह-जगह मोदी और राजनाथ सिंह के कटआउट गाजियाबाद के जरिए पूरे प्रदेश को संदेश दे रहे थे कि प्रदेश में मोदी की विजय तय करने के लिए पार्टी का महिला कैडर भी कंधे से कंधा मिलाकर काम करने के लिए तैयार है।

सबकी जुबां पर मोदी
आयोजन में आईं महिलाओं के रुख को भांपते हुए राजनाथ सिंह ने भी अपने भाषण में मोदी को चुनाव कमान सौंपे जाने की बात पुरजोर तरीके से कही। इस पर जमकर तालियां बजी। चेन्नई से बैठक में भाग लेने आईं पार्टी की महिला विंग महामंत्री तमिलनाई ने कहा कि पूरे देश की तरह दक्षिण भारत में भी मोदी के नाम की लहर है। मोदी के नेतृत्व में ही देश में अगली सरकार बनेगी। गुजरात की सांसद दर्शना ने कहा कि मोदी भाई के विकास के मॉडल को पूरी दुनिया ने सराहा है।

किटी पार्टी में राजनीति
राजनाथ सिंह ने लोकसभा चुनावों में महिलाओं को सामाजिक कार्यों के जरिए पार्टी से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा किटी पार्टी जैसे आयोजनों के जरिए महिलाओं को पार्टी से जोड़ने के सुझाव पर भी सहमति जताई। इस अवसर पर पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करने के लिए मोर्चा की पत्रिका ‘हमारी बहनें’ का भी विमोचन हुआ। बैठक में उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु समेत देश भर से आईं महिलाएं भाग ले रही हैं।

Related posts