
गाजियाबाद। सेंट्रो सवार चार बदमाशों ने शीशा कारोबारी और उनकी पत्नी से लाखों रुपये से भरा बैग लूट लिया। विरोध करने पर दोनों को गोली मार दी। व्यापारी के पेट के पास पसलियों में और पत्नी के पैर में गोली लगी है। वारदात शनिवार रात करीब 8:20 बजे कविनगर जी-ब्लाक में हुई। घायल दंपति को सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया है। लूटे गए कैश का देर रात तक खुलासा नहीं हो सका था। हालांकि एसएसपी का कहना था कि करीब डेढ़ लाख रुपया लूटा है।
कविनगर के सीएच केजी-14 में शीशा कारोबारी अनुज गर्ग रहते हैं। नवयुग मार्केट में नेशनल ग्लास के नाम से कारोबार है। अनुज ने बताया कि वह नवुयग मार्केट से स्विफ्ट से घर पहुंचे ही थे कि मकान के गेट पर ही कार से उतरे चार हथियारबंद बदमाश बैग लूटने लगे। उन्होंने बैग घर में फेंक दिया। शोर सुनकर उनकी पत्नी दीपा आई और बैग उठाकर भागने लगी। बदमाशों ने उन दोनों को दबोच लिया और विरोध करने पर उन्हें गोली मारकर बैग लूटकर भाग गए। बैग में लाखों रुपये और जरूरी कागज थे। इस दौरान आसपास के लोग जमा हो गए। सूचना पर पुलिस अफसर और कविनगर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की।
