
भतरौजखान। केंद्र सरकार की राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत भतरौंजखान में अब अपण बाजार के नाम से मंडी का निर्माण किया जाएगा। मंडी के निर्माण के लिए अधिकारियों ने शनिवार को निरीक्षण किया।
पर्वतीय क्षेत्रों के कृषकों की उपज को बिचौलियों के हाथ से बचाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत उत्तराखंड में कई स्थानों पर मंडियों का निर्माण कराया जाना है। योजना के मुताबिक यह सभी मंडियां मंडी परिषद के अंतर्गत कार्य करेंगी। जिसमें किसान की उपज की खुली नीलामी की व्यवस्था होगी। शनिवार को मंडी परिषद रामनगर के अध्यक्ष प्रकाश पपनै, मंडी परिषद हल्द्वानी के सहायक अभियंता डीएस भंडारी, अवर अभियंता नवीन चंद्र पांडे ने यहां भूमि का निरीक्षण कर ग्राम पंचायत की सहमति ली।
यह मंडी परिषद रामनगर के अंतर्गत काम करेगी। इसे अपण बाजार का नाम दिया जाएगा। इस मंडी में किसानों की न बिक पाने वाली उपज को बेचने और संभालने की व्यवस्था होगी। इसके लिए ग्राम पंचायत डनपौ द्वारा पूर्व में टीआरसी को दी गई भूमि के बगल की भूमि का चयन किया गया। इस मौके पर व्यापार संघ के अध्यक्ष कैलाश पंत, दिनेश जोशी, हरीश चंद्र, कैलाश चंद्र, जगदीश चंद्र आदि मौजूद थे। इधर स्थानीय कृषकों ने मंडी के लिए भतरौंजखान का चयन करने पर मंडी परिषद रामनगर के अध्यक्ष प्रकाश पपनै का आभार जताया है। बता दें कि भतरौजखान में सप्ताह के मंगलवार और शनिवार के दिन भिकियासैंण, देघाट, ताड़ीखेत, ककलासौ, तल्ला सल्ट, धूराफाट सहित कई स्थानों के किसानों की पूर्व से ही मंडी लगते आई है। मंडी के निर्माण के बाद अब उनको बेहतर सुविधा मिलेगी
