
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-खैरना रोड पिछले 12 दिन से बड़े वाहनों के लिए बंद है। इस रोड में छोटे वाहनों को भी दिन में सिर्फ चार घंटे चलने की अनुमति मिली है जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को अधिक समय लगने के साथ ही किराया भी काफी अधिक देना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कम से कम छोटे वाहनों के लिए इस सड़क को पूरे दिन खोले रखना चाहिए।
मालूम हो कि जौरासी के निकट सड़क का कुछ हिस्सा बह गया है। इस स्थान पर करीब 75 मीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जा रहा है। इस कार्य के लिए पूर्व में पांच दिन सड़क बंद रखने की बाद कही गई थी लेकिन 12 दिन बाद भी काम पूरा नहीं हो सका है। इस कारण अल्मोड़ा से हल्द्वानी और भवाली की तरफ जाने वाले सभी वाहन रामगढ़ अथवा रानीखेत होकर जा रहे हैं। इससे यात्रियों को एक तरफ करीब दो घंटे का अधिक समय लग रहा है। उन्हें टैक्सी में करीब 150 रुपये अतिरिक्त किराया देना पड़ रहा है।
हल्द्वानी से अल्मोड़ा सामान लेकर आने वाले ट्रक भी लंबे रास्ते से ही आ रहे हैं। जिससे सब्जी सहित अन्य चीजों के दाम भी बढ़ गए हैं। लोगों का कहना है कि जौरासी में जिस स्थान पर वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जा रहा है वहां पर्याप्त जगह बची है और यदि छोटे वाहन दिन भर भी चलते हैं तो काम में कोई बाधा नहीं आएगी। इसके बावजूद सिर्फ चार घंटे के लिए मार्ग खोलने का औचित्य लोगों की समझ में नहीं आ रहा है।
कल से खुल जाएगा अल्मोड़ा-खैरना मार्ग
अल्मोड़ा। राष्ट्रीय राज मार्ग खंड के अधीक्षण अभियंता पीएस मर्तोलिया ने बताया कि जौरासी में वैकल्पिक मार्ग बनाने का काम अंतिम चरण में है। कल रविवार को काम पूरा हो जाएगा और एक जुलाई से इस सड़क को बड़े-छोटे सभी वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।
