शिमला में बारिश का कहर, बिजली गिरने से छात्र की मौत

शिमला। बारिश की तेज धार शहर पर मार की तरह पड़ रही है। मूसलाधार बारिश के बीच शनिवार दोपहर बाद जाखू मंदिर में दर्शन के बाद घर लौट रहे एक छात्र की मौत हो गई जबकि दो मामूली रूप से झुलस गए। इवनिंग कॉलेज के ये तीनों छात्र जाखू मंदिर में दर्शन के लिए गए थे। लौटते वक्त रास्ते में एमकॉम सेकेंड सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहे संतोष कुमार पर अचानक बिजली गिर गई। फाइव बैंच जाखू के रहने वाले संतोष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि अपर कैथू के संजय और कृष्णानगर के परवेश मामूली रूप से झुलस गए।
उधर, कृष्णानगर वार्ड में मकानों के गिरने का सिलसिला जारी है। शनिवार को यहां तीन और मकान गिर गए। तीन के भीतर अब तक यहां एक दर्जन मकान ताश के पत्तों की तरह ढह चुके हैं। बारिश की वजह से यहां 100 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के रहने का बंदोबस्त सामुदायिक भवन और अंबेदकर भवन में किया है। लक्कड़ बाजार-संजौली मार्ग पर ऑकलैंड टनल के पास डंगा ढहने से यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हो गया है। ऐहतियात के तौर पर मार्ग को बड़े वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। फिलहाल यहां से ट्रैफिक को वाया छोटा शिमला डायवर्ट किया गया है।

Related posts