तीन किलो सात सौ साठ ग्राम चरस पकड़ी

सुंदरनगर (मंडी)। चरस का अवैध कारोबार करने वालों की धरपकड़ को सुंदरनगर पुलिस का अभियान जारी है। शनिवार को पुलिस के एक दल ने हाईवे पर नाके के दौरान एक स्कॉर्पियो में सवार दो लोगों से तीन किलो सात सौ साठ ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई आरंभ कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सुंदरनगर पुलिस के एक दल ने एसआई हंस राज के नेतृत्व में शनिवार को चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर पुंघ में नाका लगा रखा था। इस दौरान मनाली की ओर से आ रही एक स्कार्पियो एचआर-70 ए, 7630 को पुलिस ने जांच के लिए रोका। जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें पुलिस को एक बैग में छिपा कर रखी तीन किलो सात सौ साठ ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने इस मामले में स्कार्पियो में सवार चंडीगढ़ निवासी अनिल कुमार एवं यमुनानगर के खदरी गांव निवासी अनुज को हिरासत में लेकर मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। चरस का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related posts