
मंडी। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने युवा वर्ग के साथ खिलवाड़ बताया है। मोर्चा का कहना है कि रूसा के लागू होने से मेरिट में न आने तथा इच्छित विषय न मिलने पर हजारों छात्रों को निराशा हाथ लगी है। ऐसे छात्र स्नातक की पढ़ाई से वंचित होकर अब जमा दो के बाद सड़कों की खाक छानने को मजबूर हो गए हैं।
मोर्चा प्रदेश सचिव महेश सिंह सपहिया ने कहा कि रूसा का लक्ष्य युवा वर्ग को उच्च शिक्षा देना है। लेकिन, प्रदेश में विश्वविद्यालय तथा सरकार युवाओं से उच्च शिक्षा का हक छीन रही है। प्रदेश में रूसा को लागू करने की कोई सुदृढ़ योजना नहीं थी, बावजूद इसके इसे लागू कर दिया गया। प्रदेश सचिव ने आरोप लगाया कि सरकार ने कुछ करोड़ रुपए के लिए प्रदेश के हजारों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। जबकि प्रदेश सरकार इस कद्र सोई है कि उसे अपने छात्र संगठन के विरोध की आवाज तक सुनाई नहीं दे रही है। रूसा से 60 फीसदी से ज्यादा छात्र कालेज में प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने से वंचित हुए हैं। यदि सरकार ने निर्णय नहीं बदला अथवा सीटें नहीं बढ़ाई तो मोर्चा छात्रों को साथ लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलनरत हो जाएगा।
