डलहौजी से गायब ट्रक होशियारपुर में बरामद

डलहौजी (चंबा)। स्थानीय पुलिस ने खुफिया तंत्र की मदद से डलहौजी से चोरी हुए 407 ट्रक को 26 दिन बाद बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी शेर सिंह ने बताया कि वशिष्ट जनरल स्टोर के मालिक जगदीश शर्मा का मिनी ट्रक एचपी 73-0279 दो जून की रात को चोरी हुआ था। इसके बाद ट्रक मालिक नेे स्थानीय थाना में एफआईआर दर्ज करवाई थी। पुलिस को खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली थी कि चोरी हुआ मिनी ट्रक होशियारपुर रोड पर बुलोवाल नामक वीरान स्थान पर खड़ा है। इसका नंबर मिटा दिया गया है तथा रंग भी बदल दिया गया है। ट्रक पर पीबी 08 एम 2877 नंबर लिखा गया है जो कुछ दिनों से लावारिस हालत में खड़ा है। थाना प्रभारी डलहौजी, इंस्पेक्टर शेर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम मुख्य आरक्षी करतार चंद और आरक्षी सुरिंद्र ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पंजाब सरकार से इस नंबर की जांच करवाई तो यह नंबर फर्जी पाया गया। इसके बाद ट्रक मालिक को साथ लेकर निशानदेही करवाने पर चोरी हुआ ट्रक ही पाया गया। उधर, ट्रक मालिक जगदीश शर्मा ने पुलिस का आभार प्रकट किया है। डीएसपी रमन शर्मा ने कहा कि पुलिस की पूरी कोशिश होती है कि चोरी बरामद की जाए, जिसके तहत यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कोई गिरफ्तार नहीं हुआ है, लेकि न पुलिस चोरों की तलाश कर रही है। जल्द चोरों को भी दबोचा जाएगा। उन्होंने कहा कि खुफिया गुप्तचर होशियारपुर और बुलोवाल में छोड़े गए हैं। जल्द से जल्द इस बारे जानकारी जुटा कर मामले को सुलझा कर चोर को पकड़ा लिया जाएगा।

Related posts