
चंबा। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग को चंबा मंडल में भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ है। बरसात से विभाग की लगभग 70 से 80 पेयजल और सिंचाई योजनाएं क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इस कारण विभाग को लगभग दो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक विभाग को सबसे ज्यादा नुकसान साहो और होली क्षेत्र में हुआ है। इन क्षेत्रों में विभाग के पेयजल स्रोत मलबे में दब गए हैं। इसके अलावा जगह-जगह से पेयजल लाइनें टूट गई हैं। इससे कुछ क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति भी ठप हो गई थी, हालांकि विभाग की ओर से सूचना मिलते ही पेयजल सप्लाई सुचारु कर दी है। इसके अलावा भारी बारिश के चलते साहो और होली क्षेत्र में सिंचाई योजनाएं भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई हैं। जगह-जगह से कूहलें टूट गई हैं। इस कारण विभाग को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस संबंध में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता आरसी कपूर ने बताया कि बारिश के दौरान विभाग की अस्सी के करीब पेयजल और सिंचाई योजनाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। इससे विभाग को अनुमानित दो करोड़ का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि विभाग के कर्मचारी क्षतिग्रस्त स्कीमों को ठीक करने में जुटे हुए हैं। इसके अलावा नुकसान का एस्टीमेट बनाकर संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों को प्रेषित कर दिया गया है।
