4-9-14 का वित्तीय लाभ दे सरकार

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश प्राध्यापक संघ ने सरकार से 4-9-14 का वित्तीय लाभ जल्द देने की मांग की है। शनिवार को संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उच्च शिक्षा निदेशक दिनकर बुराथोकी से मुलाकात कर यह आग्रह किया। संघ के राज्य अध्यक्ष नरोत्तम ठाकुर की अध्यक्षता में निदेशक से मिले प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा निदेशकों को प्राध्यापकों की समस्या से अवगत करवाया।
प्राध्यापक संघ ने 4-9-14 के वित्तीय लाभों के अलावा पैरा प्राध्यापकों को तीन साल में नियमित करने, अनुबंध पर काम कर रहे प्राध्यापकों को तीन साल में नियमित करने का आग्रह किया है। प्राध्यापकों का पद्नाम पीजीटी न करने, नई नियुक्तियां अनुबंध के बजाय नियमित आधार पर करने, विज्ञान प्राध्यापकों को प्रौद्योगिकी भत्ता प्रदान करने, एमफिल और पीएचडी प्रवक्ताओं को विशेष वेतन वृद्धि देना तथा यूजीसी मानकों को पूरा करने वाले प्राध्यापकों को कालेज काडर में पदोन्नति देने का आग्रह किया गया।
इस दौरान राज्य अध्यक्ष ने बाढ़ पीड़ितों के लिए एक दिन के वेतन देने के आह्वान का भी स्वागत किया। कुल्लू में प्राध्यापक संघ ने उच्च शिक्षा निदेशक दिनकर बुराथोकी का पारंपरिक तरीके से स्वागत भी किया। इस अवसर पर राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपी चंद डोगरा, जिला प्रधान धीरज सागर, पूर्व प्रधान भीम कटोच, महासचिव नरेंद्र पाल, प्रेस सचिव समीर भटनागर, वित्त सचिव जानकी दास, प्रेस सचिव रमण जैन और अन्य प्राध्यापक मौजूद रहे।

Related posts