
नई दिल्ली। एयरपोर्ट मेट्रो लाइन फिलहाल बंद नहीं होगी। इस ट्रैक पर आम दिनों की तरह ही ट्रेनें संचालित होती रहेंगी। डीएमआरसी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर ने एयरपोर्ट मेट्रो को संचालित करने वाली कंपनी रिलायंस इंफ्रा (डीएमएमईपीएल) के उस पत्र को खारिज कर दिया है, जिसमें 30 जून की रात से एयरपोर्ट मेट्रो को बंद करने की बात की गई है। बोर्ड ने यह भी कहा है कि अगर रिलायंस इंफ्रा एयरपोर्ट मेट्रो चलाने के करार को तोड़ती है तो डीएमआरसी खुद इसके संचालन की जिम्मेवारी संभालेगी।
डीएमआरसी की बोर्ड बैठक में केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के सचिव सुधीर कृष्णा ने दो टूक शब्दों में कहा कि अगर संचालन करने वाली कंपनी ने करार को तोड़ा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने रिलायंस इंफ्रा पर रियायत करार और मध्यस्थता कार्यवाही का उल्लंघन करने के मामले में खरी-खोटी सुनाई।
शुक्रवार को बोर्ड की बैठक में उन्होंने रिलायंस इंफ्रा के नोटिस को दरकिनार करते हुए यह कहा कि एयरपोर्ट मेट्रो सेवा बंद नहीं होगी। अगर करार टूट जाने की नौबत आई तो डीएमआरसी 23 किलोमीटर लंबी इस लाइन पर मेट्रो ट्रेन खुद ही चलाएगी। उधर, एयरपोर्ट मेट्रो संचालन करने वाली कंपनी ने सिर्फ इतना कहा है कि मेटेरियल ब्रिच के कारण 30 जून की रात से मेट्रो सेवा बंद करने की बात की गई है। खबर लिखे जाने तक कंपनी की ओर से कोई अधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
