
नैनीताल। प्रभारी जिला जज राजेंद्र कुमार जोशी की अदालत ने बाडे़छीना के भूमि संरक्षण एवं कृषि अधिकारी बालकृष्ण मिश्रा को भ्रष्टाचार के मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हल्द्वानी जेल भेज दिया है। अभियुक्त द्वारा पेश किए गए जमानत प्रार्थनापत्र पर सुनवाई के लिए न्यायालय ने चार जुलाई की तिथि नियत की है।
मामले के अनुसार बाड़ेछीना के भूमि संरक्षण एवं कृषि अधिकारी बालकृष्ण मिश्रा को हल्द्वानी से आई सीबीसीआईडी की टीम ने भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया था। बालकृष्ण मिश्रा के खिलाफ 2008 में बागेश्वर में कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार का मामला दर्ज हुआ था। उसके पास से 2.75 लाख रुपये बरामद हुए थे। मामला दर्ज होने के बाद जांच का जिम्मा सीबीसीआईडी को सौंप दिया गया था। जांच में मिश्रा के खिलाफ भ्रष्टाचार की पुष्टि होने पर हल्द्वानी से आई सीबीसीआईडी की टीम उसे बाड़छीना से गिरफ्तार कर हल्द्वानी ले गई थी। इसके बाद सीबीसीआईडी की टीम ने न्यायालय में अभियुक्त को पेश किया। सुनवाई के बाद न्यायालय ने बालकृष्ण को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हल्द्वानी जेल भेज दिया। बालकृष्ण की जमानत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के लिए चार जुलाई की तिथि नियत की है।
