
हल्द्वानी। नैनीताल जिला सहकारी बैंक प्रबंध समिति के चुनाव में अध्यक्ष पद पर राजेंद्र सिंह नेगी और उपाध्यक्ष पद पर राधिका नयाल निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि उत्तराखंड सहकारी राज्य बैंक हल्द्वानी में जंग बहादुर सिंह मेहरा, एस लाल, केदार दत्त पलड़िया, संजीव आर्या निर्विरोध प्रतिनिधि घोषित हुए हैं। वहीं, देहरादून के लिए मुकेश महरा निर्विरोध प्रतिनिधि निर्वाचित हुए हैं।
नैनीताल जिला सहकारी बैंक का 12 सदस्यीय डायरेक्ट बोर्ड है। इसमें सात सदस्य निर्विरोध हो गए, जबकि चार सदस्यों के लिए गुरुवार को चुनाव प्रक्रिया अपनाई गई थी। एक सदस्य शासन से नामित है। शुक्रवार को चुनाव अधिकारी हरवीर सिंह की देखरेख में प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद का चुनाव हुआ। निर्वाचन अधिकारी हरवीर सिंह ने बताया कि राजेंद्र सिंह नेगी प्रबंध समिति के अध्यक्ष और राधिका नयाल उपाध्यक्ष बन गई। बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक सीके कमल, उप महाप्रबंधक बीसी पांडे, मनोज कुमार, कुंवर सिंह नेगी, महेश शर्मा, महेंद्र नेगी, बची सिंह रेक्वाल, पंकज सुयाल, शिव बहादुर सिंह, मो अनवार, इकबाल भारती, दीप पांडे, मुर्तजा हुसैन, आनंद ठिठोला, अंबा दत्त पांडे समेत कई लोग मौजूद थे।
भाजपा का सूपड़ा साफ
हल्द्वानी। नैनीताल जिला सहकारी बैंक प्रबंध समिति के चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया। प्रबंध समिति में भाजपा का कोई भी सदस्य निर्वाचित नहीं हो सका। भाजपा से अध्यक्ष पद के दावेदार प्रबंध समिति सदस्य के निर्वाचन में ही प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी से करारी मात खाकर दौड़ से बाहर हो गए। नैनीताल जिला सहकारी बैंक प्रबंध समिति में सदस्यों से लेकर अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस का एक बार फिर कब्जा हो गया है।
