
भीमताल। धारी ब्लाक के पहाड़पानी के समीप महतोलिया गांव के तोक सुंदरखाली में होने जा रहे बाल विवाह को राजस्व पुलिस ने रोक दिया। राजस्व पुलिस ने इस मामले में दूल्हे समेत वर पक्ष के दस लोगों को हिरासत ले लिया। बारात हरियाणा से आई थी। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक कुछ समय पहले सुंदरखाली गांव निवासी एक 15 वर्षीय किशोरी का विवाह नारबौड़ हरियाणा निवासी 30 वर्षीय युवक के साथ शुक्रवार को होना तय हुआ था। 26 जून को महिला समाख्या की स्थानीय कार्यकत्रियों चंद्रा बिष्ट, कुलमीत कौर, पुष्पा पानू को किशोरी के विवाह की भनक लगी तो उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल के अधिकारियों को दी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मुक्तेश्वर के थानाध्यक्ष चंद्र सिंह बिष्ट एवं पट्टी पटवारी गणेश आजाद कर्मचारियों के साथ सुंदरखाली पहुंचे। जैसे ही बारात लेकर दूल्हा पहुंचा, रेगुलर पुलिस और राजस्व पुलिस ने बाल विवाह पर रोक लगाते हुए दूल्हे समेत वर पक्ष के दस लोगों को हिरासत में ले लिया। सभी लोगों को देर सायं पटवारी चौकी लाया गया जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। खबर लिखे जाने तक मुकदमा नहीं हुआ है। पटवारी आजाद ने बताया कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
…कौन है बिचौलिया
भीमताल। बाल विवाह के खिलाफ कठोर कानून होने के बावजूद कुछ लोग निहित स्वार्थों के खातिर किशोरियों को बाल विवाह की भेंट चढ़ा रहे हैं। किशोरी के पिता का काफी समय पहले स्वर्गवास हो चुका है और परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। महिला समाख्या से जुड़े लोगों का मानना है कि इसी का लाभ उठाते हुए गांव के कुछ लोगों ने बिचौलिये की भूमिका निभाते हुए किशोरी का विवाह हरियाणा के युवक के साथ तय किया होगा। सूत्र बताते हैं कि बिचौलिये की भूमिका निभाने वालों को इसके एवज में मोटी रकम ली होगी। राजस्व पुलिस इस बिंदु से भी मामले की जांच कर रही है।
