
राज्य में आए जलप्रलय से प्रभावित लोगों की मदद के लिए सहायता राशि प्रधानमंत्री राहत कोष और मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में भेजने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को भी विभिन्न संगठनों ने प्रभावितों की मदद के लिए सहायता दी।
एसबी पटियाला ने दिए 25 लाख
स्टेट बैंक ऑफ पटियाला ने आपदा पीड़ितों की मदद के लिए मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में 25 लाख रुपये दिए हैं। इस दौरान बैंक के महाप्रबंधक एस आदिकेश्वन, सहायक महाप्रबंधक दिनेश कश्यप मौजूद थे।
बीएसएनएल करेगा 18 करोड़ की मदद
भारत संचार निगम लिमिटेड ने जलप्रलय से आपदा प्रभावितों की मदद के लिए सभी कर्मचारियों के एक दिन का वेतन देने की घोषणा की है। बीएसएनएल के संयुक्त महाप्रबंधक संजय सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री राहत कोष में 18 करोड़ रुपये जमा कराए जाएंगे।
तीन दिन का वेतन देंगे
बॉम्बारडियर ट्रांसपोर्टेशन के कर्मचारियों ने आपदा प्रभावितों की मदद के लिए तीन दिन का वेतन देने की घोषणा की है।
एक दिन का वेतन देंगे
विंडलास बायोटेक लिमिटेड और विंडलास हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड देहरादून के कर्मचारियों ने आपदा पीड़ितों की मदद के लिए एक दिन का वेतन देने का निर्णय लिया है। जानकारी के मुताबिक पीड़ितों के लिए 3,05,847 रुपये जमा किए जाएंगे।
वीएलसीसी ने दिए एक लाख
वीएलसीसी पर्सनल केयर के हरिद्वार केंद्र के कर्मचारियों ने आपदा पीड़ितों की मदद के लिए एक लाख रुपये की धनराशि मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा की है।
संस्कार परिवार ने राहत कार्य को भेजा दल
संस्कार परिवार ने आपदा प्रभावित गांवों में राहत कार्य के लिए एक दल को भेजा है। दल के साथ ही आढ़ती एसोसिएशन अबोहर पंजाब से आई राहत सामग्री को केदारनाथ घाटी में भेजा गया। संस्था के अधिष्ठाता आचार्य बिपिन जोशी ने आरोप लगाया कि जिन ट्रक चालकों को पहाड़ चढ़ने का अनुभव नहीं है उन्हें भी भेजा जा रहा है।
नारायणकोटि पहुंची काश संस्था की टीम
काश संस्था की एक टीम राहत कार्य के लिए गुप्तकाशी के समीप नारायणकोटि गांव में गई है। जहां टीम ने आपदा पीड़ितों की मदद कर राहत सामग्री उपलब्ध कराई। टीम में सत्यसिंह, गिरीश चंद्र, योगेश सिंह रावत, गौरव नथनी शामिल हैं।
उत्तराखंड आपदा की विशेष कवरेज
संस्था अध्यक्ष श्रेय शर्मा ने बताया कि आपदा से कालीमठ, मिवाना, जग्गी भगवान, भ्यूकी, चिलौड़, जाल, मल्ला चौमासी,
कोटमा गांव में भी नुकसान पहुंचा है। जहां राहत कार्य किया जा रहा है।
भामसं एकत्र करेगा राहत सामग्री
आपदा पीड़ितों की मदद के लिए भारतीय मजदूर संघ राहत सामग्री और धन एकत्र कर रहा है। शुक्रवार को राजपुर रोड स्थित कार्यालय में हुई बैठक में संघ ने आपदा में मारे गए लोगों को श्रद्धांजली दी। उत्तराखंड प्रभारी गोविंद सिंह बिष्ट ने सभी संगठनों से मदद करने की अपील की है।
बैठक में बीडी तिवारी, शांति प्रसाद भट्ट, अवनीश कांत, आरपी तिवारी, डीडी आर्य, सुंदरलाला उनियाल, उमा नरेश तिवारी,
द्वारिका यादव उपस्थित थे।
