पिनोला तक पैदल आवाजाही को खुला बदरीनाथ हाईवे

जोशीमठ/गोपेश्वर। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने हनुमान चट्टी से पिनोला तक पैदल आवाजाही के लिए खोल दिया है। अभी तक बदरीनाथ और गोविंदघाट से पैदल आ रहे तीर्थयात्री हाईवे क्षतिग्रस्त होने के चलते करीब दो किमी की पैदल खड़ी चढ़ाई रस्सियों के सहारे चढ़ रहे थे। शुक्रवार को बीआरओ के मजदूरों ने पिनोला के पास हाईवे की हिल कटिंग कर इसे पैदल आवाजाही के लिए खोल दिया है। अब बदरीनाथ से हनुमान चट्टी तक वाहन से और यहां से गोविंदघाट तक तीर्थयात्री पैदल आवाजाही कर सकेंगे। बीआरओ के कमांडर कर्नल निलेश चंद्राना ने बताया कि बदरीनाथ हाईवे को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। जल्द हाईवे को खोलने के प्रयास किए जाएंगे। अब तीर्थयात्रियों को जोशीमठ जाने के लिए चट्टान से आवाजाही नहीं करनी पडे़गी।

Related posts