
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में भीख मांगने के बहाने घर में घुसकर महिला के कान के कुंडल उड़ा लिए गए। हरकत में आई पुलिस ने आनन फानन में चेकिंग अभियान चलाकर तीन पानी के पास से दो साधुओं को धर दबोचा। इस दौरान उनके पास से चोरी के कुंडल भी बरामद कर लिए गए। बाद में पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
ट्रांजिट कैंप कृष्णा कालोनी निवासी शांति देवी पत्नी सोमपाल शुक्रवार की सुबह घर में अकेली थी। इसी बीच दो साधु भिक्षा मांगने उसके घर के आगे पहुंच गए। जब शांति उनके लिए चावल लेने घर के भीतर गई तो, साधुओं की नजर बाहर वाले कमरे के टेबल में रखी सोने के कुंडल में पड़ गई। इस पर उन्होंने कान के कुंडल गायब कर लिए और मौके से फरार हो गए। शांति जब चावल लेकर बाहर आई तो दोनों ही साधु उसे नहीं मिले। कुछ देर बाद उसका ध्यान टेबल पर रखे कुंडल पर गए तो वह गायब मिले। इस पर उसने शोर मचा दिया। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोगों ने तत्काल मामले की सूचना ट्रांजिट कैंप चौकी पुलिस को दी। सूचना पर ट्रांजिट कैंप चौकी इंचार्ज भीम भाष्कर आर्य, एसआई कृष्ण कुमार पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। साथ ही दोनों साधुओं की धरपकड़ को जगह जगह चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दोनों साधु तीनपानी के पास पुलिस के हत्थे चढ़ गए। तलाशी में उनके पास से कान के कुंडल भी पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस पूछताछ में उन्होंने अपना नाम श्यामा चरण व राजू निवासी मलसी बताया। बाद में पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
