
सितारगंज। सड़क किनारे खड़ी बाइक को निजी बस ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार पांच वर्षीया बच्ची की मौत हो गई। जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे अन्यत्र रेफर कर दिया गया। सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हादसे में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे किच्छा की ओर से सितारगंज आ रहे बाइक सवार नसीम अहमद पुत्र हमीद अहमद कमानी पुल के पास सड़क किनारे बाइक खड़ी कर लघुशंका कर रहे थे। किच्छा की ओर पीछे से आ रही प्राइवेट बस संख्या-यूपी02बी-7908 ने बाइक को टक्कर मार दी और नसीम की पत्नी फरजाना (28) व पुत्री अलकुशा (5) को कुचल दिया। अलकुशा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि फरजाना गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पाकर पहुंची आपातकालीन 108 सेवा ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सक ने फरजाना की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे हल्द्वानी के डा. सुशीला तिवारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पाकर तत्काल घटनास्थल पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। जबकि चालक मौके से फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि बच्ची के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। नसीम के भाई रफीक अहमद की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 304ए, 337, 338 व 427 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
