पीजीआई तक निशुल्क मिलेगी 108

शिमला। 108 एंबुलेंस की निशुल्क सेवा का लाभ अब मरीजों को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल में भी मिलने जा रहा है। इतना ही नहीं राज्य से बाहर भी अगर अस्पताल से मरीज को जाना पड़े तो इसके लिए भी 108 एंबुलेंस को निशुल्क भेजे जाने का प्रावधान रखा गया है। यह सुविधा सरकार की मंजूरी के बाद ही संभव हो पाएगी। अभी तक 108 एंबुलेंस केवल घर और दुर्घटनास्थल से ही मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने का काम करती आ रही है। एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल के लिए जाना हो तो मरीज को टैक्सी या दूसरी एंबुलेंस का इंतजाम करना पड़ता है।
आईजीएमसी से कमला नेहरू अस्पताल या फिर डीडीयू अस्पताल के लिए 108 उपलब्ध रहेगी। इतना ही नहीं अगर इनमें से किसी अस्पताल से मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया जाता है तो वहां भी मरीज को 108 में निशुल्क भेजा जाएगा। हालांकि, इसके लिए सरकार की स्वीकृति लेना बाकी है। अगले सप्ताह से 108 एंबुलेंस का बेड़ा 112 से बढ़कर 172 का हो जाएगा। इनमें से 32 एंबुलेंस अस्पताल से अस्पताल के लिए चलाई जाएंगी। 28 एंबुलेंस पहले की तरह ही मरीज को घर या दुर्घटनास्थल से नजदीक के अस्पताल में पहुंचाएंगी। बेड़े में नई 60 एंबुलेंस के जुड़ने से मरीजों को और बेहतर सुविधा मिल पाएगी। एनआरएचएम की ओर से इसके बारे में करीब सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
निदेशक (एनआरएचएम) अमिताभ अवस्थी ने कहा कि इस प्रक्रिया को अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके बारे में विस्तृत जानकारी तीन से चार दिन में उपलब्ध करवा दी जाएगी।

Related posts