दर्जन पंचायतों में रुकी सब्जियों की खेप

मंडी। सराजघाटी के बगस्याड़ में बारिश से हुई भारी तबाही से जहां सड़कें बंद है। वहीं, पर क्षेत्र की एक दर्जन से अधिक पंचायतों में ट्रकों के हिसाब से सब्जी और नकदी फसलें रुकी पड़ी हैं। सड़कें टूटी होने की वजह से किसान अपने उत्पाद मंडियों तक पहुंचाने में असमर्थ हैं। क्षेत्र की शिल्ही बागी, थाना, बागाचनोगी थाच, फेरन, भाटकीधार, सराची आदि पंचायतों में इन दिनों फुल गोभी, बंद गोभी और मटर की फसल तैयार है। किसानों ने कड़ी मेहनत के बाद अपने खेतों में सब्जियों का उत्पादन किया है। मगर अब रास्ते बंद हो गए हैं, जिससे उनकी फसल खेतों में ही सड़ रही है। स्थानीय निवासी नोख सिंह, थाना पंचायत की प्रधान केसरी देवी, उप प्रधान रोशन लाल, आलम चंद, चरण सिंह, रुकमणी देवी, कौशल्या देवी, केशव राम, पूर्ण चंद, दिलेराम, मेघ सिंह और शिशांत आदि ने बताया कि सराजघाटी के बगस्याड़ में बादल फटने से सड़कें टूट गई हैं। जिससे सराजघाटी की इन दूरदराज की पंचायतों का शेष दुनिया से संपर्क कट गया है। आजकल किसानों के खेतों में फुल गोभी, बंद गोभी और मटर की फसल तैयार है। मगर सड़कें टूटी होने की वजह से किसान अपने उत्पाद मंडियों तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं और न ही बाहर से व्यापारी आकर उनकी फसलों को खरीद रहे हैं। दूसरी ओर सड़कें टूटी होने की वजह से राशन के डिपुओं में राशन नहीं पहुंच रहा है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से इस परेशानी से निजात दिलाने की मांग की है।

Related posts