
बिलासपुर । नगर परिषद बिलासपुर ने करोड़ों रुपये खर्च कर शापिंग कांपलेक्स का निर्माण किया गया। बावजूद इसके अभी भी नगर परिषद को इस कांपलेक्स से एक रुपये की भी आमदनी नहीं हुई। वहीं, नगर परिषद बिलासपुर पर बिजली बिल की देनदारी बढ़ती जा रही है।
शापिंग कांपलेक्स को पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान नगर परिषद की स्वीकृति के बाद निजी ठेकेदार को सौंपा गया था। जिससे नगर परिषद को भी मासिक आय शुरू होनी थी, लेकिन अभी कैबिनेट की स्वीकृति नहीं मिलने के चलते मामला अधर में लटका हुआ है। जिससे न ही नगर परिषद को कोई आमदन हो रही है और न ही निजी ठेकेदार का आगामी कार्य शुरू हो पा रहा है। शहर के चंपा पार्क स्थित नगर परिषद द्वारा शापिंग कांपलेक्स का निर्माण किया गया है। हिमुडा के माध्यम से एक करोड़ 36 रुपये खर्च कर दो दर्जन दुकानों का निर्माण किया गया। केंद्रीय मिशन की आईडीएसएमटी योजना के तहत इन दुकानों का निर्माण किया गया है। जिसके चलते नगर परिषद की दुकानों में भी इजाफा हुआ है।
इस संबंध में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी पीसी शर्मा ने कहा कि कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद आगामी कार्य शुरू होगा। तमाम औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही नगर परिषद को शापिंग कांप्लैक्स से आय होगी।
