डीसी ऑफिस के बाहर छोड़ेंगे लावारिस पशु

जुखाला (बिलासपुर)। दावीं घाटी में लावारिस पशुओं की बढ़ती तादात से किसान और बागवान परेशान हो चुके हैं। अज्ञात लोग घाटी में आवारा पशु छोड़ रहे हैं। जिससे किसानों और बागवानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
शुक्रवार को दावीं घाटी के किसान बागवानों ने समस्या को लेकर उपायुक्त डा. अजय शर्मा को ज्ञापन प्रेषित किया। इस दौरान ग्राम पंचायत कोटला की प्रधान नीलम शर्मा, उपप्रधान सुमन ठाकुर, वार्ड सदस्य रामपाल ठाकुर, रामकृष्ण शर्मा, श्यामलाल, यशपाल, पूर्व प्रधान बाबू राम ठाकुर, संजीव कुमार, यशपाल, रेशमा, कलावतीस और रजो सहित अन्य लोगों ने कहा कि दावीं घाटी में अज्ञात लोगों ने करीब तीन दर्जन लावारिस पशु छोड़ दिए हैं। अब यह फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। वहीं बागवानों की पैदावार को भी चट कर रहे हैं। यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि जिन लोगों ने दावीं घाटी में लावारिस पशु छोड़े हैं। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अन्यथा दो दिन के भीतर कार्रवाई न होने पर वह इन पशुओं को डीसी कार्यालय के बाहर छोड़ देंगे।

Related posts