
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद ज्वालामुखी प्रशासन द्वारा छेड़ी गई अवैध कब्जों को हटाने की मुहिम से दुकानदारों और प्रशासन के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया है। दुकानदार अपनी समस्या को लेकर स्थानीय विधायक संजय रतन से मिले।
इन दिनों ज्वालामुखी मंदिर मार्ग व मार्ग नंबर तीन पर अतिक्रमण हटाए जाने को लेकर प्रशासन ने अभियान छेड़ रखा है।आदेशों के मुताबिक तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है, इसमें एसडीएम देहरा विनय कुमार, तहसीलदार ज्वालामुखी देवीराम व नगर पंचायत सचिव सदस्य हैं। वहीं, उच्च न्यायालय के आदेशों के मुताबिक कमेटी को कार्रवाई की रिपोर्ट भेजने के लिए कहा गया है। न्यायालय के आदेशों के मुताबिक प्रशासन ने दुकानदारों को सात दिन का समय दिया है। इसमें उन्हें अपना सामान हटाने और दुकान के छज्जे तोड़ने को कहा गया है। अगर दुकानदार आदेशों की पालना नहीं करते हैं तो इन अवैध कब्जों को हटा दिया जाएगा। विधायक संजय रतन ने कहा कि दुकानदार उच्च न्यायालय के आदेशों की पालना करें। एसडीएम देहरा विनय कुमार ने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद तय समयसीमा में अवैध कब्जे हटाने के लिए दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन अपने स्तर पर कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। दुकानदार स्वयं अपना सामान दुकानों के आगे से हटा कर प्रशासन का सहयोग करें।
