
नूरपुर (कांगड़ा)। नूरपुर पुलिस ने बनोली ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक हत्या के आरोप में गिरफ्तार मृतक पवन कुमार (35) की धर्मपत्नी दर्शना देवी ने अपना जुर्म कबूल लिया है। उसने बताया है कि कहासुनी पर परने से पति का गला घोंटा, जिससे उसकी मौत हो गई। साथ ही उसकी छोटी बेटी से पूछताछ के दौरान इस मर्डर मिस्ट्री का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मृतक की पत्नी को शुक्रवार को नूरपुर की अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक हत्या की आरोपी दर्शना देवी 22 जून को अपनी दो सबसे छोटी बेटियों के साथ मायके गई थी। वारदात के दिन यानी 23 जून को पवन की पत्नी सबसे छोटी बेटी के साथ शाम के वक्त बनोली लौट आई। चूंकि, उस दिन हल्की बूंदाबांदी हो रही थी, इसी के चलते पवन कुमार अपनी पत्नी और बेटी को लेने के लिए बनोली हाई स्कूल की तरफ से आने वाले रास्ते पर उन्हें देखने निकल पड़ा। रास्ते में स्कूल के पास उसे पत्नी और छोटी बेटी मिल गई। बारिश से बचने के लिए तीनों बनोली स्कूल के निर्माणाधीन भवन के बरामदे में चले गए। इतने में दर्शना देवी के मोबाइल पर उसके जीजा का फोन आ गया। चूंकि, पवन को अपनी पत्नी का मायके वालों से ज्यादा बातचीत करना पसंद नहीं था। लिहाजा दोनों मियां-बीबी में फोन सुनने की बात को लेकर झगड़ा हो गया। दर्शना देवी के मुताबिक उसका पति उसके चरित्र पर शक करता था और इसी कारण दोनों के आपसी संबंधों में अकसर तनाव रहता है। जब उसके पति ने जीजा का फोन सुनने को लेकर अपनी पत्नी पर हाथ उठाया तो दर्शना देवी ने भी तैश में आकर उसे धक्का दे दिया। इसी बात को लेकर पहले दोनों में हाथापाई हुई। इतने में मृतक की पत्नी ने उसी के तौलिये (परना) से उसका गला दबा दिया।
इससे पवन कुमार बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बावजूद दर्शना ने उसकी पीठ पर चढ़कर उसका गला घोंटने की कोशिश की, लेकिन कमरे में मुंह के बल पड़े मृतक का लकड़ी के बुरादे में दम घुटने से मौत हो गई। इसके बाद दर्शना देवी अपनी छोटी बेटी को लेकर घर चली गई। रात को करीब दस बजे दोबारा स्कूल की निर्माणाधीन बिल्ंिडग में गई और शव को कमरे से घसीट कर बरामदे में रख दिया।
फोरेंसिक टीम ने बरामद किए थे नमूने
24 जून को फोरेंसिक टीम ने मौका-ए-वारदात से चूड़ियों के टुकड़े और माला के मनके बरामद किए थे। माना जा रहा है कि दोनों मियां-बीवी के बीच स्कूल में हुई हाथापाई के दौरान से टुकड़े टूटकर जमीन पर गिर गए थे। इसी के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी को भी गिरफ्तार किया था। उधर, एसएचओ बृजमोहन शर्मा ने बताया कि पवन की पत्नी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
