जाली करेंसी की जांच को विशेष टीम गठित

धर्मशाला। कांगड़ा में पकड़ी गई जाली करेंसी मामले में कुछ और खुलासे जल्द होने की संभावना है। अब पुलिस ने इस मामले में जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है। टीम पहले दोनों आरोपियों से पूछताछ करेगी। साथ ही आरोपियों तक पहुंचाए गए पेपर, इंक और अन्य सामान को लेकर भी छानबीन तेज हो गई है। इस मामले में पुलिस की टीम अन्य जगहों में भी दबिश देकर आरोपियों को हिरासत में लेगी। पुलिस अब जाली नोटों के धंधे को अंजाम देने वाले शातिरों के सरगना की तलाश करने में जुट गई है।
वही, गठित टीम यह भी पता लगा रही है कि असली नोट की जगह कितने जाली नोट मार्केट में उतारे गए हैं। नोट की छपाई में यूज हुए पेपर को लेकर भी जांच तज हो गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि जाली नोट में प्रयोग होने वाला पेपर असली नोट में प्रयोग हुए पेपर जैसे है। लेकिन, पुलिस पेपर क्वालिटी को लेकर घटिया पेपर यूज होने के दावे भी कर रही है। कुल मिलाकर इस मामले की परतें खुलनी शुरू हो गई हैं। इन दोनों आरोपियों का संबंध किस गिरोह से है, इस बारे में पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है। फिलहाल, पुलिस ने पेपर और इंक को फोरेंसिक लैब में जांच के लिए भेजा है। फोरेंसिक लैब में पेपर और इंक की जांच के बाद सही तस्वीर सामने आ पाएंगी।
गौर रहे कि कांगड़ा में एक युवक से जाली नोट बरामद हुए थे। युवक को हिरासत में लेने के बाद दूसरे युवक को भी गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से नोट छपने वाला प्रिंटर और अन्य सामान को जब्त किया था। उधर, एएसपी मोहित चावला ने बताया कि इस मामले में निष्पक्ष जांच के लिए कमेटी का गठन किया है। कमेटी के सदस्य इस मामले में निष्पक्ष जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट आने के बाद भी कुछ खुलासे हो सकते हैं।

Related posts