बशड़ी में चार कमरों का मकान राख

रामपुर बुशहर। यहां की नरैण पंचायत के बशड़ी में एक मकान में आग लग गई। शुक्रवार तड़के हुई आगजनी घटना में चार कमरों का मकान सामान समेत जलकर राख हो गया। आगजनी में सेब सीजन के लिए रखे गत्ते, ट्रे और अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गया। घटना में भारी आर्थिक नुकसान बताया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है।
जानकारी के मुताबिक बशड़ी निवासी मेहर सिंह के गांव के साथ लगते बगीचे में बने घर में शुक्रवार तड़के पौने सात बजे अचानक आग लगी। आग से धुआं उठाता देखकर मकान मालिक और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में पहुंचे लोग मकान को बचाने में जुट गए लेकिन आग ने थोड़ी ही देर में इतना भयंकर रूप धारण कर लिया कि उनकी एक न चली और देखते ही देखते मकान के चार कमरे जलकर स्वाह हो गए। इस मकान में कोई रहता नहीं था। मेहर सिंह ने सेब सीजन के लिए इसमें गत्ता, ट्रे समेत अन्य सामान संजो कर रखा था जो आग की भेंट चढ़ गया। घटना में भारी नुकसान बताया जा रहा है। हालांकि, प्रशासनिक तौर पर आकलन किया जाना बाकी है।
एसडीएम दलीप नेगी ने बताया कि राजस्व विभाग को नुकसान का जायजा लेने को कहा है। उन्होंने बताया कि प्रभावित को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।
इस मकान में कोई रहता नहीं था। प्रभावित परिवार के सदस्य गांव में बने मकान में रहते थे। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts