ब्रिटेन में भारतीय को उम्रकैद

ब्रिटेन में भारतीय को उम्रकैद

लंदन: ब्रिटेन में पत्नी की हत्या करने वाले एक भारतीय व्यक्ति को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। उसने पिछले साल सितंबर में पत्नी की हत्या की थी।

समाचार पत्र ‘द मिरर’ के अनुसार, स्टैफोर्ड क्राउन कोर्ट ने 33 वर्षीय देवेंद्र सिंह को अपनी पत्नी चार्लोट स्मिथ (41) की हत्या का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही अदालत ने उसे लगातार 16 साल तक पैरोल नहीं देने का भी प्रावधान किया है।

देवेंद्र पर पिछले साल तीन सितंबर को स्टैफोर्डशायर में लीक के नजदीक लैड्डीगे स्थित घर में करीब दो किलोग्राम वजनी लकड़ी के सजावटी हाथी से स्मिथ के सिर पर वार कर उसकी हत्या करने का आरोप था, जो न्यायालय में साबित हो गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, स्मिथ ने देवेंद्र से तलाक मांगा था, क्योंकि वह उसके साथ अपने सम्बंधों से खुश नहीं थी। इससे नाराज होकर देवेंद्र ने स्मिथ की हत्या कर दी और लकड़ी की हाथी को बगीचे में फेंक कर लंदन भाग गया।

घटना के तीन दिन बाद स्मिथ के परिजनों को उसका शव मिला। उसके परिजनों ने हालांकि अदालत के फैसले पर संतोष जताया है। लेकिन उनका कहना है कि इससे उन्हें हुई क्षति की भरपाई नहीं हो पाएगी।

स्मिथ की देवेंद्र से मुलाकात गोवा में वर्ष 2008 में हुई थी, जब वह अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने गोवा पहुंची हुई थी। यहीं से उनके सम्बंध आगे बढ़े और दिसंबर 2010 में उन्होंने गोवा में शादी कर ली।

वीजा मिलने के बाद देवेंद्र स्टैफोरशायर चला गया। चूंकि उसे वहां कोई काम नहीं मिला था, इसलिए स्मिथ के परिजनों ने वहां उसके लिए एक दुकान खोल दी थी।

Related posts