अचानक बागेश्वर में उतरे मुख्यमंत्री

बागेश्वर। धारचूला से देहरादून को लौटते वक्त मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा अचानक यहां डिग्री कालेज स्थित हेलीपैड पर उतर गए। प्रशासन के अनुसार गढ़वाल क्षेत्र में मौसम खराब होने के कारण उनका हेलीकाप्टर आगे नहीं बढ़ सका और यहां आकर उतर गया। हेलीपैड पर ईंधन भरने के बाद पायलट ने मौसम के बारे में जानकारी प्राप्त की। गढ़वाल क्षेत्र में मौसम ठीक होने की सूचना पर श्री बहुगुणा वापस चले गए। वह लगभग 15 मिनट तक हेलीपैड पर रुके। उनके साथ प्रमुख सचिव राकेश शर्मा और पिथौरागढ़ के प्रभारी मंत्री दिनेश अग्रवाल भी थे। मुख्यमंत्री के पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया। आनन-फानन में जिलाधिकारी बीएस मनराल और पुलिस अधीक्षक निवेदिता कु करेती सहित तमाम लोग वहां पहुंचे। मुख्यमंत्री के लौटने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।

Related posts