अटल आदर्श ग्राम को नसीब होगी सड़क

दुगड्डा। अटल आदर्श ग्राम सिमलाना बिचला को जल्दी ही सड़क नसीब होने की उम्मीद जग गई है। शासन ने पांच किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए 63 लाख रुपये का बजट मंजूर कर लिया है। लोक निर्माण विभाग यहां जल्द ही काम शुरू कराने वाला है।
यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र स्थित सिमलाना बिचला गांव को काफी समय पहले अटल आदर्श ग्राम का दर्जा मिल गया था लेकिन इस योजना के तहत सबसे जरूरी मानक सड़क, इस गांव तक अभी भी नहीं पहुंची। ग्रामीण लंबे समय से सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर कई बार आंदोलन भी हुए। आखिर शासन ने पोखरी इंटर कालेज से सिमलना बिचला तक पांच किमी सड़क के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी। ग्रामीण चंडीप्रसाद कुकरेती ने बताया कि सड़क नहीं होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि सड़क निर्माण के लिए ग्रामीणों की ओर से एनओसी का प्रस्ताव भी लोनिवि को भेज दिया गया है।
इस संबंध में लोनिवि के अधिशासी अभियंता राजेश चंद्रा का कहना है कि गांव के लिए पांच किमी सड़क के लिए 63 लाख का बजट स्वीकृत हो चुका है। जल्द काम शुरू किया जाएगा।

Related posts