हेलीकॉप्टरों ने तेजम से निकाले 29 लोग

पिथौरागढ़। बृहस्पतिवार को सेना के हेलीकॉप्टरों ने तेजम (सोबला) से 29 ग्रामीणों को सकुशल निकालकर धारचूला पहुंचा दिया है। गुंजी में फंसे 22 छोटा कैलास यात्रियों के साथ ही लास्पा और मर्तोली में फंसे स्थानीय लोगों को निकालने के लिए कई बार हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भरी, लेकिन हेलीकॉप्टर गुंजी और अन्य स्थानों में नहीं उतर पाए।
सूचना विभाग से मिली जानकारी के अनुसार छोटा कैलाश की यात्रा पर गया 22 सदस्यीय दल गुंजी में रुका है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों समेत कुल 25 लोग गुंजी में हैं। मर्तोली और लास्पा में छह लोग फंसे हैं। अब इन लोगों को शुक्रवार को निकाला जाएगा। वहीं छोटा कैलाश यात्रा के एक दूसरे दल के 22 सदस्य धारचूला पहुंच गए हैं। इन लोगों का सामान उच्च हिमालयी क्षेत्र में फंसा है। यात्रियों का सामान शुक्रवार तक धारचूला पहुंचने की संभावना है।
सेना के हेलीकाप्टर दुग्तू के कुछ लोगों को धारचूला निकाल लाए हैं। आईटीबीपी की टीम तेदांग में टूटे पुल की मरम्मत में जुट गई है। आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार अब तक तीन तीन सौ कंबल, टैंट, तिरपाल प्रभावित इलाकों में बांटे जा चुके हैं।

Related posts