रेलवे आरक्षण केंद्र में सन्नाटा

रेलवे टिकटों की बुकिंग काफी कम हो गई है। हमेशा भीड़भाड़ वाले प्लेटफार्म में आजकल कुलियों और स्थानीय स्टाफ के अलावा बहुत कम लोग दिखाई देते हैं। हालत यह है कि दोपहर के समय रेलवे आरक्षण केंद्र में भी नाममात्र के लोग आरक्षण कराने पहुंचे थे।

काफी भीड़ रहती है
गर्मियों की छुट्टियां हों या फिर कोई त्योहार दून स्थित रेलवे आरक्षण केंद्र में टिकट बुक करने के लिए लोगों की काफी भीड़ रहती है। एक टिकट कटाने के लिए लाइन में घंटों खड़े होना पड़ता था। 14 जून तक तत्काल का टिकट लेने के लिए लोग रात-रात भर जागकर आरक्षण केंद्र के बाहर लाइन में खड़े दिख रहे थे।

मगर जलप्रलय के बाद रेलवे स्टेशन पर भी सुनसानी पसर गई है। गुरुवार दोपहर सवा 12 बजे आरक्षण केंद्र में चार टिकट काउंटरों पर 14 लोग खड़े थे। जबकि 10 लोग परिसर में रखी कुर्सियों पर बैठे दिखाई दिए।

ट्रेनों में सीटें भी खाली हैं
हाल यह था कि जहां कभी घंटों लाइन में खड़े होकर टिकट मिल पाता था वहीं गुरुवार को पांच मिनट में ही टिकट आसानी से मिल रहा था। जनरल टिकट काउंटर भी खाली दिखाई दिए। ट्रेनों में सीटें भी खाली हैं। जन शताब्दी, काठगोदाम, लिंक एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस आदि दून से जाने वाली ट्रेनों में सीटें खाली हैं। आने वाली ट्रेनों में भी सवारियां काफी कम हैं।

Related posts