पाटी में कोषागार कार्यालय भवन को खतरा

चंपावत। बीते दिनों हुई अतिवृष्टि से पाटी तहसील मुख्यालय में स्थित कोषागार कार्यालय भवन को खतरा उत्पन्न हो गया है। भूस्खलन के कारण नवनिर्मित भवन के पिछले हिस्से में मलबा भर जाने से भवन को नुकसान पहुंचा है। भवन के ठीक उपर से लगातार आ रहे मलबे की जद में कभी भी कार्यालय भवन के आने की आशंका पैदा हो गई है। कर्मचारियों को भय के साये में काम करना पड़ रहा है। इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से मलबे के निस्तारण के साथ ही भूस्खलित क्षेत्र का ट्रीटमेंट कराए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पाटी तहसील मुख्यालय के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी दैवीय आपदा से काफी क्षति हुई है। सामाजिक कार्यकर्ता दीपक जोशी के अनुसार कई सड़क मार्ग अब भी बंद चल रहे हैं। दूरस्थ गांवों में भूस्खलन के कारण संपर्क मार्गों के अलावा पेयजल योजनाओं को सर्वाधिक नुकसान पहुंचा है। पाटी खेतीखान मोटर मार्ग अभी भी कई स्थानों में संवेदनशील बना हुआ है, जबकि खेतीखान चंपावत मार्ग में भी मलबे के कारण कई स्थान जोखिमभरे हो गए हैं। राजस्व और अन्य विभागों की टीमें क्षति का आंकलन करने में जुटी हैं।

Related posts