विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता पिथौरागढ़ रवाना

चंपावत। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं का दल आपदा पीड़ितों की मदद के लिए गुरुवार को पिथौरागढ़ जिले के लिए रवाना हो गया है। नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश तिवारी ने कार्यकर्ताओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। परिषद की ओर से मुख्यालय में तीन दिन तक टैंट लगाकर और घर-घर जाकर दैवीय आपदा पीड़ितों के लिए राहत राशि और अन्य सामग्री एकत्र की थी, जिसे धारचूला, बलुवाकोट आदि स्थानों में आपदा प्रभावितों तक पहुंचाया जा रहा है। पिथौरागढ़ रवाना होने से पूर्व विद्यार्थी परिषद के विभाग संयोजक मोहित पाठक ने मानवीय आधार पर लोगों से आपदा पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
विद्यार्थी परिषद की ओर से ले जाई जा रही सामग्री में कपड़े, कंबल, खाद्यान्न सामग्री के अलावा नकद धनराशि शामिल है। इस मौके पर हिजामं प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकिशोर बोहरा, सुरेश जोशी, सूजन बोहरा, ईश्वरी दत्त जोशी, मनोज तड़ागी, प्रकाश बिनवाल, अमरनाथ सक्टा, दीपक तड़ागी, सभासद गिरीश पांडेय, प्रकाश नाथ, दीपक महर, चंदन बिष्ट, सौरभ पांडेय, मयूर बिष्ट, सौरभ जोशी, अमर सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts