
काशीपुर। समिति में किश्त जमा करने जा रही एक अधेड़ महिला से बाइक सवार दो युवकों ने पर्स लूट लिया। महिला के शोर मचाने पर लोगों ने बाइक सवारों का पीछा किया। लेकिन वह रामनगर रोड की ओर भाग निकले। पर्स में हजारों की नकदी, मोबाइल व बैंक की चेकबुक समेत अन्य महत्वपूर्ण कागजात थे। सूचना पर पुलिस हरकत में तो आई तब तक बाइक सवार फरार हो गए।
नगर में बीते कुछ माह में चोरी और लूट की घटनाओं में इजाफा हुआ है। अभी पिछली वारदातों का खुलासा भी नहीं हुआ था कि बृहस्पतिवार को उत्तरी काशीपुर किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड में पुराना आवास विकास निवासी कृष्णा गौतम पत्नी स्व.नरेंद्र चंद गौतम लोन की किश्त के 62 हजार 500 रुपये जमा करने जा रही थी। जैसे ही वह समिति के गेट पर उतरकर अंदर जाने लगी तभी पीछे से आए एक बाइक सवार दो युवकों ने उनके हाथ से पर्स लूट लिया। वे पहले चीमा चौराहे होते हुए चीमा रेलवे क्रासिंग की ओर भागे। जब उन्होंने देखा की कोई पीछा नहीं कर रहा है तो वह मुड़कर रामनगर रोड की ओर फरार हो गए। पर्स छिनते ही कृष्णा ने शोर मचाया तो कुछ लोगों ने बाइक सवारों का पीछा किया। तब तक वह ओझल हो गए थे। सूचना मिलने पर एसएसआई धीरेंद्र कुमार, कतोराताल चौकी इंचार्ज नरेश पाल मौके पर पहुंच गए और महिला से जानकारी ली।
पीड़िता बताया कि वह बाजपुर रोड स्थित पीएनबी कृषि शाखा से रुपये निकालकर समिति में किश्त जमा करने आई थी। उनके पर्स में 62 हजार 500 रुपये थे। इसके अलावा पर्स में किसान क्रेडिट कार्ड, चेकबुक व पासबुक, नया मोबाइल, लॉकर की चाबी व एक छोटा बटुआ समेत अन्य बैंक के महत्वपूर्ण कागजात रखे थे। पीड़िता ने कटोराताल चौकी में तहरीर सौंपी है।
