
रुद्रपुर। ईश्वर कालोनी में झगड़ा निपटाने पहुंची पुलिस से एक युवक ने अभद्रता कर दी। युवक ने पुलिस कर्मी से मारपीट की और उसका कालर फाड़ दिया। आरोप है कि उसने पुलिस कर्मियों से गालीगलौज भी की। सूचना पर पहुंचे अन्य पुलिस कर्मियों ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बुधवार देर रात चीता मोबाइल नंबर तीन में मौजूद पुलिस कर्मी त्रिलोक पांडे व संजीव को सूचना मिली कि ईश्वर कालोनी में दो पक्षों में मारपीट हो रही है। जब दोनों पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे तो कुछ युवकाें के बीच मारपीट हो रही थी। इस पर उन्होंने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे पुलिस कर्मियों से ही उलझ गए। इस दौरान आदर्श कालोनी निवासी देव सोनी ने पुलिस कर्मी त्रिलोक पांडे से मारपीट की और उसका कालर पकड़ फाड़ दिया। यहीं नहीं उसने पुलिस कर्मियों से गालीगलौज भी की। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। इसी बीच किसी ने मामले की सूचना सीओ को दे दी। सूचना पर सीओ पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। बाद में पुलिस कर्मी आरोपी युवक देव सोनी को कोतवाली ले आए। जहां उसके खिलाफ धारा 332, 353 व 504 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
