भोजन व्यवस्था ठप, नवोदय दस दिन से बंद

अल्मोड़ा। भोजन व्यवस्था बाधित होने से नौ दिन बाद भी राजीव गांधी नवोदय विद्यालय चौनलिया नहीं खुल सका है। अभिभावक संघ के शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी से मुलाकात कर उच्च न्यायालय से अग्रिम आदेश मिलने तक स्कूल में भोजन की वैकल्पिक व्यवस्था कर स्कूल को संचालित करने की मांग की है।
शिष्टमंडल ने अधिकारियों को बताया कि स्कूल की भोजन व्यवस्था बाधित है और टेंडर प्रक्रिया उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। जिस कारण भोजन की निविदा प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। इसके चलते 18 जून से स्कूल अनिश्चितकाल के लिए बंद है। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन स्कूल की सुध नहीं ले रहा है। स्कूल नहीं खुलने से अध्ययनरत 350 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्कूल का भवन भी पूरा नहीं बन पाया है। प्रयोगशाला का अभाव है। हॉस्टल में भी पर्याप्त कक्ष नहीं हैं।
अभिभावकों ने उच्च न्यायालय से अग्रिम आदेश प्राप्त होने तक अधिकारियों से स्कूल में भोजन की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि एक जुलाई से स्कूल नहीं खुला तो अभिभावक आंदोलन को बाध्य होंगे। शिष्टमंडल ने इस संबंध में अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा। इधर अपर जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्य ने स्कूल प्रबंध समिति के प्रभारी अध्यक्ष और भिकियासैंण के उपजिलाधिकारी को स्कूल खोलने और स्कूल के छात्रावास में रह रहे छात्र-छात्राओं के भोजन आदि की व्यवस्था शीघ्र करने के आदेश जारी किए हैं। शिष्टमंडल में अभिभावक संघ अध्यक्ष दर्शन सिंह कड़ाकोटी, हरीश चंद्र, मदन महरा, नवीन चंद्र जोशी, जय सिंह, ध्यान सिंह, उत्तम सिंह, गीता कनवाल, त्रिलोक सिंह जीना, श्रवण कुमार शामिल थे।

Related posts