
रानीखेत। पिलखोली क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चला रहीं महिलाओं ने अवैध शराब के कारोबारियों पर उन्हें और उनके परिजनों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस बारे में क्षेत्र की कई महिलाओं ने संयुक्त मजिस्ट्रेट डा. इकबाल अहमद को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
महिलाओं ने संयुक्त मजिस्ट्रेट से मुलाकात कर उन्हें आपबीती सुनाई। महिलाओं ने कहा कि पिलखोली क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है। इसके खिलाफ वे पिछले कुछ महीनों से अभियान चला रही हैं, लेकिन अब कतिपय शराब कारोबारी उन्हें तथा उनके बच्चों को जान से मारने की चेतावनी दे रहे हैं। जिससे उन्हें बच्चों का भय सता रहा है, प्रशासन को उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। यदि उन्हें सुरक्षा प्रदान नहीं की गई तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। मालूम हो कि महिलाओं के अभियान के बाद संयुक्त मजिस्ट्रेट ने क्षेत्र में कई बार छापा मार कर अवैध शराब बरामद भी की है। ज्ञापन सौंपने वालों में हेमा जीना, कविता फर्त्याल, आशा फर्त्याल, बसंती देवी, लक्ष्मी जीना, माधवी देवी, नीमा मेहरा, तुलसी देवी, रेबा देवी, चंपा जीना, हेमा फर्त्याल, इंदू देवी, प्रीति फर्त्याल, किरन फर्त्याल, आशा पंत, आशा नेगी, अनीता देवी, गोविंदी देवी, कमला देवी, भावना देवी, तुलसी देवी सहित तमाम महिलाएं शामिल थीं।
