
नई दिल्ली: कांग्रेस ने अरविन्द केजरीवाल की पार्टी द्वारा जारी पोस्टरों के लिए उन पर प्रहार करते हुए कहा है कि इससे राजनीति का स्तर काफी नीचे गिर गया है। आम आदमी पार्टी द्वारा जारी पोस्टरों में बलात्कार के मामलों के लिए दिल्ली सरकार पर दोषारोपण किया गया है। कांग्रेस प्रवक्ता रेणुका चौधरी ने वीरवार को कहा, ‘‘यह नई गिरावट है। दुर्भाग्यवश मैं इतना नीचे नहीं उतर सकती। इससे उनकी सोच झलकती है और वह बलात्कार के मामलों को भी भुनाना चाहते हैं।’’
इस बीच, कांग्रेस की ओर झुकाव वाले राजनीतिक टीकाकार तहसीन पूनावाला ने आम आदमी पार्टी और उसके संस्थापक अरविन्द केजरीवाल के खिलाफ भारतीय निर्वाचन आयोग में अर्जी दी है। आम आदमी पार्टी द्वारा जारी और राजधानी में आटो रिक्शाओं पर प्रदर्शित पोस्टरों में दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की तस्वीरें छपी हैं और उन पर लिखा है, ‘‘इस बार भी दिया बेइमानों को वोट तो महिलाओं का होता रहेगा बलात्कार ।’’
इस ‘‘प्रचार हडकंथे’’ का कड़ाई से विरोध करते हुए पूनावाला ने कहा कि यह न केवल राजनीतिक शिष्टाचार का मामला है, जिसका केजरीवाल ने उल्लंघन किया है बल्कि यह जन प्रतिनिधित्व कानून तथा राजनीतिक दलों के लिए चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशानिर्देशों के विभिन्न प्रावधानों का पूरी तरह से विरोधाभास है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल अशिष्टता हुई है बल्कि यह गैर कानूनी भी है।
