
बद्दी (सोलन)। बद्दी-र्साइं मार्ग पर पुरानी सब्जी मंडी के समीप एक कामगार युवती को बाइक पर सवार दो नकाबपोशों ने सरेराह पीट-पीट कर बेहोश कर डाला। लोगों ने बेहोशी की हालत में युवती को एक निजी क्लीनिक में उपचार के लिए भर्ती करवाया। उधर इस घटना की पूरे क्षेत्र में चर्चा है और लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना बीती रात करीब साढ़े सात बजे की है। जिस समय पुरानी सब्जी मंडी पर यह घटना हुई उस समय मार्ग पर काफी चहल पहल थी। बद्दी के एक धागा कंपनी में कार्यरत नेपाल मूल की दो युवतियां पैदल अपने कमरे की तरफ आ रही थी। सब्जी मंडी के पास जैसे ही यह दोनों कामगार पहुंची तो बाइक पर सवार नकाबपोश ने इन दोनों युवतियों का रास्ता रोक कर वारदात को अंजाम दिया। इससे पहले ही वहां पर लोग बाइक पर सवार इन नकाबपोशों को पकड़ते वह बाइक स्टार्ट कर मौके से फरार हो गए। दोनों में से एक युवती बेहोश हो गई। उसके साथ चल रही अन्य युवती ने सहायता के लिए गुहार लगाई। जिस पर लोगों ने युवती को बेहोशी की हालत में सड़क के साथ लगते क्लीनिक में भर्ती कराया। युवती के मुंह पर पानी की छींटे डाले जिससे वह होश में आई। इस संबंध में डीएसपी वीरबहादुर सिंह ने बताया कि इस बारे में पुलिस लिखित शिकायत के बाद ही कार्रवाई करेगी।
